दिल्ली : दिल्ली सरकार ने जनवरी 2026 से मार्च 2027 तक अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के सभी लाभार्थियों को हर महीने एक किलोग्राम चीनी मुफ्त वितरित करने की मंजूरी दी है। शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान में कहा गया कि दिल्ली कैबिनेट की हालिया बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस पहल के तहत, दिल्ली में सभी एएवाई लाभार्थियों को उचित मानकीकृत पैकेट में प्रति माह एक किलोग्राम चीनी मुफ्त में उपलब्ध कराई जाएगी।
एएवाई लाभार्थियों को मिलेगी फ्री चीनी (फोटो-Istock)
ब्रांडेड पैकेट में चीनी होगी उपलब्ध
वर्तमान में चीनी उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से खुले रूप में वितरित की जाती है, जिससे अक्सर धूल, नमी, संदूषण और कम वजन जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। अब एक किलो के पैक्ड और ब्रांडेड पैकेट में चीनी उपलब्ध कराए जाने से न केवल मात्रा की सटीकता सुनिश्चित होगी, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और उपयोग में भी सुविधा मिलेगी।आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, दिल्ली में 65,883 एएवाई परिवारों को इस योजना से लाभ मिलेगा। यह योजना दिल्ली सरकार की गरीब-हितैषी नीतियों की दिशा में एक और ठोस कदम है, जिससे सबसे कमजोर वर्ग को खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ गुणवत्तायुक्त सामग्री भी सुनिश्चित होगी।
दिल्ली में कुल 65,883 एएवाई परिवार इस योजना के दायरे में आएंगे, जिन्हें प्रति कार्ड प्रति माह एक किलो चीनी दी जाएगी। जब तक ब्रांडेड पैकेट के लिए नया टेंडर अंतिम रूप से स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक मौजूदा व्यवस्था के तहत चीनी का वितरण जारी रहेगा, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
