Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में हाईटेक नकल कराने वाले सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षा में फर्जीवाड़ा कर रहे दो परीक्षार्थियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का खुलासा सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने किया। जानकारी के अनुसार केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित मद्य निषेध सिपाही पदों की लिखित परीक्षा के दौरान मिठनपुरा चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी की गतिविधि संदिग्ध पाई गई।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने सॉल्वर गैंग के चार सदस्यों को दबोचा
ब्लूटूथ डिवाइस और माइक्रोफोन बरामद
जांच में उसके पास से ब्लूटूथ डिवाइस और माइक्रोफोन बरामद किया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दूसरे परीक्षा केंद्र के बाहर से एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से वॉकी-टॉकी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। पुलिस जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद लोग इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रश्नों के उत्तर परीक्षार्थियों तक पहुंचा रहे थे। गिरफ्तार युवकों की निशानदेही पर विशेष टीम ने पटना में छापेमारी कर दो अन्य आरोपियों को दबोच लिया।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में इनका संबंध एक सक्रिय सॉल्वर गैंग से पाया गया है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा कराने का काम करता है। सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद ब्लूटूथ डिवाइस से आवाज सुनाई देने पर संदेह हुआ। तलाशी में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद होने के बाद कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक मामले में केंद्र अधीक्षक के आवेदन पर मिठनपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पटना समेत कई स्थानों पर छापेमारी जारी है।
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़
गौरतलब है कि कल बिहार पुलिस मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा खत्म होते ही मुजफ्फरपुर जंक्शन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों परीक्षार्थी स्टेशन पहुंच गए जिससे प्लेटफॉर्म पर अफरातफरी मच गई। कई जिलों से आए हजारों अभ्यर्थियों की भीड़ के कारण स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों पर बिल्कुल जगह नहीं बची। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन पर पुलिस बल की तैनाती की गई। जिला पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी के जवान पूरी तरह मुस्तैद दिखे।
पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर पथराव और तोड़फोड़
इसी के साथ पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर विद्यार्थियों के लिए ट्रेनों की कथित कमी को लेकर लगभग 200 लोगों ने पथराव और तोड़फोड़ की। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। विद्यार्थियों के लिए ट्रेन सेवाओं का खास इंतजाम किया गया था। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि स्टेशन पर हुए हंगामे के पीछे गलत इरादे वाले असामाजिक तत्व हो सकते हैं। यह घटना शनिवार रात करीब 11:45 बजे हुई, जब बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर जाने के लिए पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। वहीं रविवार सुबह तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। बता दें कि परीक्षा 14 से 17 जून तक होगी।
