Kolkata Fire News: कोलकाता में गुरुवार तड़के पाम एवेन्यू इलाके में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। जहां एक प्लास्टिक गोदाम से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पास की झुग्गी बस्ती को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में कई घर जलकर राख हो गए। आग की लपटें देखकर इलाके में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए।
कोलकाता में भीषण आग से झुग्गी बस्ती के कई घर जले
सुबह 3:50 बजे प्लास्टिक गोदाम में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, आग गुरुवार सुबह करीब 3:50 बजे पाम एवेन्यू के 8/2 नंबर पर स्थित एक प्लास्टिक गोदाम में लगी थी। यह गोदाम एक झुग्गी बस्ती के पास है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, आग सबसे पहले गोदाम में लगी और फिर आसपास की झोपड़ियों तक पहुंच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने की शुरुआत में उन्हें सिलेंडर फटने जैसी कई तेज आवाजें सुनाई दीं। घनी आबादी वाला इलाका होने और गोदाम में ज्वलनशील प्लास्टिक का सामान रखे होने के कारण लपटें तेजी से फैल गईं। जान बचाने के लिए लोग आनन-फानन में अपने घरों से बाहर निकल आए। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने खुद ही पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बेकाबू होती चली गईं।।
दमकल की 14 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए इसे बुझाने के लिए 14 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया।
झुग्गी बस्ती में कई मकान जलकर राख
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
राहत की बात यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
