Noida News: आम आदमी पार्टी (AAP) की उत्तर प्रदेश युवा विंग के अध्यक्ष पंकज अवाना के खिलाफ नोएडा के एक सरकारी स्कूल में बिना अनुमति प्रवेश करने और स्कूल का फोटो-वीडियो बनाने के आरोप में FIR दर्ज की गई है। FIR दर्ज होने के बाद पंकज अवाना ने कहा कि वह सरकारी स्कूलों की बदहाली दिखाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि वह आगे भी सरकारी स्कूलों की स्थिति लोगों के सामने लाते रहेंगे।
नोएडा में AAP नेता पंकज अवाना पर FIR
स्कूल की स्थिति का वीडियो बनाने का आरोप
यह मामला सेक्टर-51 के होशियारपुर गांव स्थित सरकारी स्कूल का है। पुलिस के मुताबिक, स्कूल स्टाफ की शिकायत के आधार पर सेक्टर-49 थाने में पंकज अवाना के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। FIR के अनुसार, घटना 20 अगस्त की है। पुलिस ने पंकज अवाना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पंकज अवाना बिना अनुमति सरकारी स्कूल परिसर में पहुंच गया। उन्होंने वहां स्कूल की गतिविधियों और व्यवस्थाओं का वीडियो रिकॉर्ड किया। स्कूल स्टाफ की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संजय सिंह ने सरकार पर साधा निशाना
मामला सामने आने के बाद AAP सांसद संजय सिंह ने FIR को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की खराब स्थिति को सामने लाने के कारण पंकज अवाना के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आप सांसद ने योगी सरकार को घेरते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट में कहा, "आम आदमी पार्टी की यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना पर सिर्फ इसलिए FIR दर्ज कर दी गई क्योंकि उन्होंने नोएडा के स्कूलों की दयनीय स्थिति उजागर की। योगी जी, आपने तो कहा था कि स्कूलों का कायापलट हो गया है, फिर स्कूल का वीडियो बनाने में क्या हर्ज है? क्या गरीबों के बच्चे नरक में पढ़ेंगे और कोई उनके हक में आवाज भी नहीं उठाएगा? स्कूलों की हालत सुधारनी ही होगी।"
पंकज अवाना बोले- डरने वाले नहीं
FIR के बाद पंकज अवाना ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों की दयनीय स्थिति जनता के सामने लाने से रोकने के लिए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। अवाना ने कहा कि वह इस तरह की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति को सामने लाने का उनका अभियान जारी रहेगा।
ग्रेटर नोएडा में भी सामने आया ऐसा मामला
इसी बीच ग्रेटर नोएडा में भी सरकारी स्कूल में वीडियो रिकॉर्डिंग को लेकर ऐसा ही एक मामला सामने आया है। बादलपुर थाना क्षेत्र के गुरीधरपुर सुनारसी स्थित माध्यमिक विद्यालय में करीब आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इन लोगों पर स्कूल में प्रवेश करने और वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है। पुलिस दोनों मामलों में शिकायतों और आरोपों के आधार पर जांच कर रही है।
