Fatehpur Gas Cylinder Leak: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गैस रिसाव के चलते बड़ा हादसा हो गया। जहां कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में दो कमरों के मकान में सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे घर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में 9 लोग झुलसने से घायल हो गए, जिनमें एक ही परिवार के 6 लोग और उन्हें बचाने पहुंचे 3 लोग शामिल हैं।
फतेहपुर में गैस सिलेंडर लीक से बड़ा हादसा
8 लोगों की हालत गंभीर
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटों से घिरा मकान देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद कल्यानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी मलवां मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। लेकिन 8 लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।
गैस लीक के कारण हुआ विस्फोट
प्रशासन ने घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया, ताकि उनका इलाज जल्द से जल्द शुरू किया जा सके। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को एंबुलेंस से विशेष निगरानी में कानपुर भेजा गया। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह पता चला है कि सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि सिलेंडर फटने की बात सामने नहीं आई है, बल्कि गैस लीक होने के कारण विस्फोट हुआ, जिससे आग फैल गई। फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस लगातार पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
