Faridabad News: फरीदाबाद के लोगों को आने वाले कुछ दिनों तक पेयजल समस्या का सामना करना पड़ेगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के रास्ते में आ रही रेनीवेल की लाइन नंबर दो को शिफ्ट करने जा रही है, जिसकी वजह से आज से 25 फरवरी तक के लिए शहर के कई इलाकों में पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी। इस लाइन से जुड़े सेक्टर व कालोनियों में आज सुबह 10 बजे से पेयजल सप्लाई बंद कर दी गई है। यह सप्लाई 25 फरवरी की सुबह 10 बजे तक बंद रहेगी। एफएमडीए यहां की 900 एमएम लाइन को शिफ्ट करने जा रहा है।
फरीदाबाद के कई कॉलोनियों में पेयजल सप्लाई बाधित
एफएमडीए अधिकारियों के अनुसार रेनीवेल की 900 एमएम पाइप लाइन नंबर दो अभी सेक्टर-दो के पास है, इसे बल्लभगढ़ की तरफ शिफ्ट किया जाना है। जिसमें दो दिन या इससे भी ज्यादा समय लग सकता है। अधिकारियों के अनुसार, अभी दो दिन के लिए सप्लाई को बंद किया गया है, अगर इसमें देरी होती है तो इसकी जानकारी दे दी जाएगी। इस ब्लॉकेज की वजह से 25 फरवरी तक बल्लभगढ़ के सेक्टर-3, सेक्टर-7, सेक्टर-8, सेक्टर-24, सिही गांव, तिरखा कालोनी, धोबी घाट, चावला कालोनी, शिव कालोनी, भगत सिंह कालोनी, भीकम कालोनी, मुजेसर गांव सहिन आसपास के कई अन्य क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित रहेगी।
