Faridabad: फरीदाबाद के टप्पा गांव में हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां पर संरपंच के पिता की ट्रैक्टर से रौंद कर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि, हत्या की इस घटना को चुनावी रंजिश की वजह से अंजाम दिया गया। इस घटना में 70 वर्षीय बुजुर्ग लीलाराम की जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई है। घायलों में सरपंच सतबीर की नाबालिग बेटी सुनीता भी शामिल है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस रूह कंपा देने वाली घटना के बाद से गांव छावनी में तब्दील हो गया है। यहां पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
चुनावी रंजिश में हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
हसनपुर थाना पुलिस के अनुसार, इस मामले में गांव के सरपंच सतबीर द्वारा राजेश व उसके भाई मुकेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। आरोपी राजेश भी सरपंची के चुनाव में खड़ा हुआ था और तभी से चुनावी रंजिश चल रही है। घटना के बाद से यह आरोपी फरार है। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर राजेश का भाई मुकेश चला रहा था। इस हादसे में उसकी भी मौत हो गई है। वहीं, दूसरे आरोपी की पुलिस की कई टीमें तलाश कर रही हैं। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का महौल बना हुआ है।
