Faridabad Crime: फरीदाबाद में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचा है, जो लंबे समय से लोगों के साथ ठगी कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने जब इस आरोपी से पूछताछ की तो इसने हैरान करने वाला खुलासा किया। आरोपी ने कहा कि, वह अपने मन से लोगों के साथ ठगी नहीं करता था। उसे ठगी करने के लिए भगवान ने आदेश दे रखा है। फरीदाबाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, इस आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार्य किया है कि, पिछले छह साल से यह स्कूटी पर सवार होकर एक ही तरीके से ठगी कर रहा है। यह आरोपी बुजुर्गों के आभूषण व रुपये ठगता था। पुलिस अभी इस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।
फरीदाबाद में शातिर ठग गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
फरीदाबाद पुलिस ने इस आरोपी की पहचान छांयसा गांव के रहने वाले शिवकुमार के तौर पर की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, यह बहुत ही शातिर ठग है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों को भी भटकाने की कोशिश की। आरोपी ने कहा कि, ठकी करने के लिए उसको भगवान का आदेश है और दैवीय शक्ति का आशीर्वाद। ठगी में भगवान उसकी मदद करते हैं। यही कारण है कि, लोग आसानी से उसकी बात में आ जाते हैं और ठगी में उसकी मदद करने लगते हैं। इसी शक्ति ने उसे इतने सालों तक पुलिस से बचाए रखा।
अब तक 100 से ज्यादा ठगी, सिर्फ फरीदाबाद में ही 50 ठगी
पुलिस जांच अधिकारियों ने बताया कि, इसे आरोपी की उम्र 30 साल है। पूछताछ में पता चला है कि, यह आरोपी नौ साल की उम्र से चोरी व ठगी कर रहा है। यह आरोपी पिछले करीब छह साल से दिल्ली-एनसीआर में 100 से ज्यादा ठगी की वारदात कर चुका है। इस शातिर ने केवल फरीदाबाद में ही 50 से ज्यादा ठगी की वारदात की है। यह आरोपी सिर्फ बुजुर्गों को ही निशाना बनाता। यह आरोपी पहले बुजुर्गों से आत्मीयता बढ़ाता और फिर बातों में उलझाकर पैसे और आभूषण ठग कर फरार हो जाता। यह आरोपी लगातार वारदात को अंजात दे रहा था, लेकिन थाना पुलिस पकड़ नहीं पा रही थी। जिसकी वजह से इस शातिर को पकड़ने की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 को दी गई। इस टीम ने करीब दो महीने तक इस बदमाश को पकड़ने के लिए पीछे लगी रही और आखिर में इसके घर से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, इस आरोपी ने फरीदाबाद में 50 से ज्यादा वारदातें की हैं, लेकिन अभी केवल 20 वारदात में ही मामला दर्ज है। बाकि के मामलों में पूछताछ की जा रही है।
