Faridabad: कॉलेज के सामने मनचलों ने बुलेट से बजाया पटाखा, पुलिस ने थमा दिया 42 हजार का चालान

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 14, 2022, 09:43 PM IST

Faridabad: फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस को बुलेट से पटाखा बजाने वालों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई का निर्देश मिला है। जिसके बाद से पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। बुधवार को पुलिस ने एक कॉलेज के पास बुलेट से पटाखे बजा रहे दो बुलेट मोटरसाइकिल को पकड़ कर उनके साढ़े 42 हजार के चालान काटे, साथ ही दोनों बाइक को इंपाउंड कर दिया।

KEY HIGHLIGHTS
  • मनचले युवक कॉलेज के सामने पटाखे बजाकर मचा रहे थे हुड़दंग
  • पुलिस ने दोनों बुलेट का चालान करने के साथ किया इंपाउंड
  • ट्रैफिक पुलिस को बुलेट वालों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई का निर्देश

Faridabad: फरीदाबाद में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस ने सख्‍ती बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस खासकर ऐसे युवाओं पर कार्रवाई कर रही है, जो बुलेट से पटाखे बजाते हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए बुधवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले 40 से अधिक वाहनों का चालान काटा। इस जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिस को पता चला कि, एक प्राइवेट कॉलेज के सामने कुछ युवक बुलेट से पटाखे छोड़कर लोगों को परेशान कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही एक पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर दो अलग-अलग बुलेट को पकड़ लिया।

faridabad traffic police

बाइकों की जांच करती फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस

ट्रैफिक पुलिस ने इन दोनों बुलेट मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर साढ़े 42 हजार रुपये का चालान भी काटा। साथ ही पुलिस ने दोनों युवकों को चेतावनी देकर पैदल ही घर भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, कुछ युवक बुलेट से पटाखे छोड़कर बेवजह लोगों को परेशान करते हैं। ऐसे लोगों पर सख्‍ती बरती जा रही है। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को ऐसे लोगों के खिलाफ अधिकतम चालान करने को कहा गया है, जो नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं।

End of Feed