Faridabad: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कनेक्ट करने का मास्टर प्लान तैयार हो गया है। इस हाईवे पर पड़ने वाले सभी जंक्शन पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस रूट पर मास्टर प्लान 2031 के अनुसार है, जो सेक्टर पड़ रहे हैं, उनके बीच से गुजारते समय अंडरपास बनाया जाएगा। साथ ही लोकल ट्रैफिक के आने-जाने के लिए प्रवेश व निकासी का रास्ता जरूर दिया जाएगा। जिससे आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। इस पूरी योजना की जानकारी फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की बैठक में मुख्य नगर योजनाकार समर्थ सिंह चौहान ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर राजपाल को दी। बुधवार को आयोजित इस बैठक में मास्टर प्लान 2031 पर विस्तार से चर्चा की गई।
बनने के बाद ऐसे दिखेगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट
बता दें कि, अभी तक फरीदाबाद का मास्टर प्लान 2031 और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट रूट के बीच टकराव हो रहा था। इस रूट की वजह से मास्टर प्लान के कई डेवलपमेंट कार्यों में रूकावट पैदा हो रही थी। जिसकी वजह से अब इस रूट पर ज्यादा से ज्यादा फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने का फैसला लिया गया है। एफएमडीए अधिकारियों का दावा है कि, अब एयरपोर्ट के रूट से मास्टर प्लान को कोई खतरा नहीं होगा। एफएमडीए अधिकारी जल्द ही इस प्रस्ताव को प्रदेश सरकार के पास भेजेंगे। वहीं से यह निर्णय लिया जाएगा कि, आगे क्या करना है।
