Faridabad Fraud: फरीदाबाद में किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर धोखाधड़ी का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पूरे मामले का खुलासा होने के बाद फरीदाबाद पुलिस के अधिकारी भी हैरान हैं। दरअसल, जिले में एक महिला को कुछ लोगों ने उसके पति की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया और बदले में पीड़िता की किडनी निकाल ली। यह किडनी एक मरीज को ट्रांसप्लांट भी कर दी गई। इसके बाद जब महिला ने आरोपितों से पति के लिए सरकारी नौकरी की मांग की तो आरोपियों ने महिला को धमका कर भगा दिया। जिसके बाद महिला को अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ और पीड़िता ने पुलिस के पास पहुंचकर शिकाय दर्ज कराई। पीड़ित महिला की आपबीती सुनकर पुलिस अधिकारी भी हतप्रभा हो गए।
पति की नौकरी का झांसा देकर पत्नी की निकाली किडनी
धोखाधड़ी के इस मामले में पीड़ित महिला ने पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा को शिकायत दी थी। जिसके बाद पुलिस आयुक्त ने पूरे मामले की जांच एसीपी ओल्ड महेंद्र वर्मा को सौंपी। पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाली पीड़ित महिला फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में अपने पति के साथ किराये के मकान में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि, उसने अपने पति के फेसबुक अकाउंट पर किडनी दान करने की अपील करने वाला विज्ञापन देखा था। जिसके बाद उसने विज्ञापन की बगैर सच्चाई जानें किडनी दान करने की सहमति जता दी।
