Faridabad News: फरीदाबाद से रिश्वत लेने का बेहद अनोखा मामला सामने निकलकर आया है। फरीदाबाद में भैंस चोरी के एक मामले में कार्रवाई करने की एवज में शिकायतकर्ता से सब इंस्पेक्टर ने रिश्वत की मांग की थी। लेकिन उसे विजिलेंस विभाग ने 4 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ लिया। हैरानी तो तब हुई जब सब इंस्पेक्टर विजिलेंस की टीम के सामने ही पूरे रुपये निगल गया। साथ ही सब इंस्पेक्टर ने उनसे धक्का-मुक्की भी की।
फरीदाबाद में रिश्वत लेते रंगे हाथ इंस्पेक्टर गिरफ्तार
बता दें कि, वहां मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर-3 में तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र पाल के खिलाफ विजिलेंस की टीम को एक शिकायत मिली थी। शिकायत यह थी कि, वह भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई की एवज में पीड़ित शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा है। विजिलेंस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और सब इंस्पेक्टर को 4000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया।
10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता शंभू नाथ ने बताया है कि, उसके घर से रविवार की देर रात किसी ने भैंस चुरा ली थी। अगले दिन सोमवार को शंभू नाथ इसकी शिकायत लेकर सेक्टर-3 पुलिस चौकी पहुंचा था। वहां ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर महेंद्र ने कार्रवाई करने की एवज में उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। दोनों के बीच 10 हजार रुपये में बात तय हो गई थी। जिसके बाद शंभू नाथ ने पहले रिश्वत के 6 हजार रुपये सब इंस्पेक्टर को दिए। शंभू ने सब इंस्पेक्टर से कहा कि, उसके पास अब और रुपये नहीं हैं। लेकिन सब इंस्पेक्टर महेंद्र ने उससे और 4 हजार रुपये की मांग की। इससे परेशान होकर पीड़ित शंभू ने विजिलेंस विभाग में इसकी जानकारी दी।
टीम को देखते ही निगला पैसा
जानकारी के लिए बता दें कि, प्लानिंग के तहत फिर शंभू नाथ 4 हजार रुपये लेकर उस जगह पहुंच गया जहां सब इंस्पेक्टर ने उसे बुलाया था। जैसे ही शंभू नाथ ने सब इंस्पेक्टर को 4 हजार दिए, विजिलेंस की टीम ने उसे दबोच लिया। टीम को देखते ही सब इंस्पेक्टर ने रिश्वत के रुपयों को निगल लिया। इसके बाद वह विजिलेंस की टीम के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। लेकिन टीम ने इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी सब इंस्पेक्टर का मेडिकल कराया जा रहा है।
