Faridabad: फरीदाबाद के भरत कॉलोनी में एक युवक ने जिम में हुए झगड़े के बाद परेशान होकर घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के स्वजन का आरोप है कि, जिम में युवक के साथ मारपीट करने के साथ उसे बेइज्जत किया गया था, जिसके कारण ही उसने सुसाइड किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस को मृतक की जब से एक पर्ची मिली है। जिसमें कई युवकों के नाम लिखे हुए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर स्वजन को सौंप दिया। अब पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
जिम में डंबल उठाने को लेकर हुआ झगड़ा। (सांकेतिक फोटो)
स्वजनों ने पुलिस को बताया कि, मृतक राहुल एक वर्कशॉप में वाहन रिपेयरिंग का कार्य करता था। युवक के पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी है। यह अपने परिवार के साथ भरत कॉलोनी में रहता था। काम खत्म करने के बाद यह अक्सर जिम जाता था। स्वजनों ने पुलिस को बताया कि, उसका जिम में कुछ युवकों से डंबल उठाने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान युवकों ने उसे जिम के अंदर ही थप्पड़ मारने के अलावा सबके सामने बेइज्जत किया था। जिससे वह परेशान था।
कमरे के जंगले में रस्सी लगाकर दे दी जान
परिजनों के अनुसार, शाम को जिम से आने के बाद वह अपने कमरे में चला गया और जब काफी देर तक बाहर नहीं आया तो स्वजन ने दरवाजा खटखटाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो वह कमरे के जंगले में लगे रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। जिसके बाद घटना की सूचना खेड़ीपुल थाना पुलिस को दी गई। पुलिस जांच के दौरान मृतक की जेब से पुलिस को एक पर्जी मिली जिसमें कुछ युवकों के नाम लिखे मिले।
फरीदाबाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, स्वजन की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। मृतक के पास से जो पर्जी मिली है, उसमें कुछ लोगों के नाम लिखे हैं, हालांकि उसमें सुसाइड का कारण नहीं बताया गया है। पुलिस द्वारा हर एंगल से इस मामले की जांच की जा रही है।
