Faridabad: फरीदाबाद की अरावली की पहाड़ियों में बेर तोड़ने गए दो बच्चों ने एक ऐसा मंजर देखा की पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत मच गई। बच्चों ने जंगल में पेड़ों के बीच एक मानव कंकाल देखा। जिसके बाद डरे बच्चे चीखते-चिलाते पास में मौजूद हनुमान मंदिर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों और पुजारियों को यह बात बताई। कंकाल मिलने की जानकारी मिलने पर मौके पर डीसीपी, एसीपी, अनखीर चौकी प्रभारी और फॉरेंसिक टीम ने पहुंच कर पड़ताल शुरू कर दी। यह कंकाल एक पुरुष का है। पुलिस के अनुसार, शव के शरीर का अधिकांश भाग जानवरों ने नोंच खाया है। शव काफी पुराना लग रहा है और वह लगभग कंकाल में बदल गया है।
अरावली की पहाड़ी में मिला मानव कंकाल (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम की तरफ जाने वाली सड़क के पास स्थित हनुमान मंदिर के पीछे अरावली के जंगल में कुछ बच्चे रविवार दोपहर को बेर तोड़ने गए थे। उनकी नजर वहां पड़े एक मानव कंकाल पर पड़ी। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम व अन्य जांच के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है। पुलिस की प्राथमिक जांच के बाद कंकाल करीब एक माह पुराना बताया जा रहा है, वहीं मृतक की उम्र भी 35 से 45 साल बताई गई है। शव को मृतक के कंकाल पर नीली पेंट, स्लेटी टी-शर्ट मिली है। हालांकि कपड़ों की तलाशी में कोई भी वस्तु नहीं मिली है। इस मामले में पुलिस ने अभी आईपीसी धारा-174 के तहत मामला दर्ज किया है।
