Faridabad: फरीदाबाद में चाकूओं से गोदकर निर्मम हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के सेक्टर-25 इलाके में नहर के किनारे युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से दहशत फैली हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि, युवक की पहले चाकूओं से गोदकर निर्मम तरीके से हत्या की गई और फिर उसकी पहचान छुपाने के लिए सिर को पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया गया। जिसकी वजह से पुलिस अभी तक मृतक की पहचान नहीं कर पाई है। माना जा रहा है कि, मृतक युवक आसपास की किसी फैक्टरी में वर्कर रहा होगा। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ घटना की जांच में जुटी है।
चाकू से गोदकर युवक की निर्मम हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जानकारी के अनुसार सेक्टर-25 इलाके में स्थित इस नहर के किनारे सुबह शौच करने गए एक व्यक्ति ने वहां पर शव देखा और फिर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। सेक्टर-58 थाना प्रभारी जयवीर ने बताया कि, मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जिले के सभी थानों के अलावा आसपास के जिलों में भी मृतक की जानकारी भेजी गई है। साथ ही गुमशुदा लोगों के साथ भी शव का मिलान किया जा रहा है। जल्द ही मृतक की पहचान कर ली जाएगी।
हत्यारोपियों ने की है पहचान मिटाने की हर मुमकिन कोशिश
फरीदाबाद पुलिस के मुताबिक, हत्यारोपियों ने मृतक की पहचान मिटाने की हर मुमकिन कोशिश की है। पुलिस जांच के दौरान मृतक के पास से ऐसा कोई कागज अथवा मोबाइल नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। मृतक युवक की उम्र करीब 25-26 साल बताई जा रही है। पुलिस के पास मृतक की पहचान के तौर पर उसके शरीर पर बना टैटू का निशान है। यह टैटू हाथ पर गुदा है। पुलिस जांच में युवक के शरीर पर चाकूओं से घाव के कई निशान मिले हैं। इसके अलावा गला भी चाकू से काटा गया है। हत्या के बाद आरोपियों ने सिर को पत्थर से कुचल कर नहर के किनारे फेंक दिया।
