Faridabad Development: नए साल के साथ फरीदाबाद की तस्वीर भी बदलने वाली है। यह औद्योगिक शहर जल्द ही फॉरेन कंट्री की डेवलप सिटी की तरह नजर आएगा। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) शहर के विकास पर करीब 1036 करोड़ रुपये खर्च करने वाला है। इस बजट में से करीब 450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य शुरू हो चुका है, वहीं 586 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का टेंडर जल्द ही छोड़ा जाएगा। एफएमडीए अधिकारियों के अनुसार, योजनाओं पर खर्च होने वाले बजट की मंजूरी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की तरफ से पहले ही मिल चुकी है। एफएमडीए के अधिकारी अब विकास कार्य योजना बनाने में जुटे हैं।
फरीदाबाद शहर डेवलपमेंट का मॉडल
एफएमडीए अधिकारियों ने बताया कि, विकास योजना के तहत शहर के विभिन्न इलाकों की खराब पड़ी सड़कों का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। विकास परियोजनाओं के लिए मुख्यमंत्री की तरफ से जो बजट मिला है। उसमें से फरीदाबाद शहर के अंदर 393 करोड़, बल्लभगढ़ 164.71 करोड़, तिगांव में विकास कार्यों पर 55 करोड़, पृथला विधानसभा में 36 करोड़ और बड़खल एरिया में 185 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन जगहों पर कुछ विकास कार्य दिसंबर माह में शुरू हो चुके हैं।
