Faridabad: फरीदाबाद के लोगों के लिए बड़ी खबर है। आगामी दो दिन लाखों लोगों को जल सकट का सामना करना पड़ेगा। दरअसल, रेनीवेल की लाइन नंबर दो बाईपास पर निर्माणाधीन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते में आ रही है। इसे अब यहां से सेक्टर-दो के सामने शिफ्ट किया जाएगा। इसकी वजह से 27 जनवरी सुबह 8 बजे से 29 जनवरी सुबह 8 बजे तक इस पाइप लाइन से संबंधित इलाकों में पेयजल सप्लाई पूरी तरह से बंद रहेगी। इससे करीब पांच लाख लोगों को 48 घंटे तक पानी नहीं मिल पाएगा। इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी करते हुए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से दो दिन का पानी पहले ही स्टोर कर लें।
फरीदाबाद में पानी सप्लाई दो दिन बंद
एफएमडीए अधिकारियों ने बताया कि, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करने के लिए बन रहे बाईपास के नीचे रेनीवेल की 900 एमएम पाइप लाइन आ रही है। निर्माण कार्य के दौरान रेनीवेल लाइन को क्षति पहुंच सकती है। इसलिए इस लाइन को दूसरी जगह पर शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इस लाइन शिफ्ट करने से पहले सर्वे किया गया है। इस सर्वे के बाद रिपोर्ट तैयार की गई कि कहां-कहां पर पाइप लाइन बाईपास के नीचे आ रही है और इन्हें शिफ्ट करने में कितना समय लग सकता है।
