दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख शहर फरीदाबाद में आगरा नहर मार्ग को गाड़ियों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। स्मार्ट सिटी में कांवड़ यात्रियों का आनाशुरू हो चुका है और इसके चलते कल यानी मंगलवार 15 जुलाई की दोपहर से वाहनों के लिए आगरा नहर मार्ग को बंद कर दिया गया है। आगरा नहर मार्ग पर सिर्फ कांवड़ियों को जाने की अनुमति है।
फरीदाबाद में आगरा नहर रोड 23 जुलाई तक बंद (फोटो - दिल्ली पुलिस X हैंडल)
अन्य यात्रियों की सुविधा के लिए 25 वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। यहां गाड़ियों को DND-KMP एक्सप्रेसवे और दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर भेजा जा रहा है। कांवड़ियों की यात्रा के लिए यहां पर 1500 पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगरा नहर मार्ग को 23 जुलाई तक के लिए बंद किया गया है। यानी 23 जुलाई को महाशिवरात्रि तक इस मार्ग पर अन्य वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। इस दौरान यहां से सिर्फ कांवड़ यात्री और उनकी गाड़ियां ही गुजरेंगी।
हजारों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर हरिद्वार और नीलकंठ से गंगाजल लेकर फरीदाबाद पहुंच रहे हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। दैनिक हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस आयुक्त संदेन्द्र कुमार गुप्ता ने कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के ले आगरा नहर मार्ग को उनके लिए आरक्षित करने का आदेश दिया है।
DND-KMP एक्सप्रेसवे, दिल्ली-आगरा हाईवे के साथ ही कुंडली-गाजियाबाद-पलवल मार्ग पर बी कांवड़ियों के लिए सर्विस लेन पर मार्ग बनाया गया है। पुलिस ने अपनी ओर से पूरी कोशिश की है कि कांवड़ यात्रा पर गए कांवड़ियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो।
आगरा नहर मार्ग को मंगलवार दोपहर को बंद कर दिया गया था। इसका असर दोपहर में पल्ला पुल के पास दिखा। मार्ग बंद होने की जानकारी न होने की वजह से यहां लगातार गाड़ियां पहुंच रही थीं और पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इससे वहां पर जाम लग गया। जाम में स्कूल बसें भी फंसी रहीं और ड्राइवर, पुलिस से वैकल्पिक मार्ग के बारे में पूछते रहे। जाम की वजह से बसों में बैठे बच्चे काफी परेशान रहे।
