Faridabad Accident News: हरियाणा के फरीदाबाद में हिट एंड रन का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी और उनके ऊपर से गुजर गई। इस हादसे में सोशल मीडिया कंपनी 'मेटा' (Meta) में प्रोडक्ट मैनेजर के तौर पर काम करने वाले अमित झावर के पिता लक्ष्मी नारायण झावर की मौत हो गई है। परिवार का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
मंदिर से घर लौट रहे बुजुर्ग को कार ने मारी टक्कर
पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा 27 अगस्त की रात करीब 8:35 बजे हुआ। लक्ष्मी नारायण झावर मंदिर से दर्शन करके पैदल अपने घर लौट रहे थे। जब वे अपने घर से महज 100 मीटर की दूरी पर थे, तभी अनखीर गोल चक्कर की तरफ से आई एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद कार उनके ऊपर से गुजर गई और चालक मौके से फरार हो गया।। मृतक की बेटी की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पीड़ित परिवार के गंभीर आरोप
घटना से जुड़े सीसीटीवी (CCTV) और डैशबोर्ड कैमरे के विजुअल भी सामने आए हैं, जिसमें कार साफ तौर पर लक्ष्मी नारायण झावर को टक्कर मारती और उनके ऊपर से गुजरती हुई नजर आ रही है। परिवार के मुताबिक, हादसे की CCTV फुटेज उन्होंने खुद पुलिस को उपलब्ध कराई थी। इसके बावजूद अभी तक मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
बेटे ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल
मृतक के बेटे अमित झावर ने फरीदाबाद पुलिस की जांच की गति पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है और ठोस सबूत होने के बावजूद अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अमित ने पुलिस से यह मांग की है कि फरीदाबाद में लगे करीब 25 हजार स्मार्ट कैमरों की मदद से यह पता लगाया जाए कि घटना के वक्त कार में कौन-कौन लोग मौजूद थे। उन्होंने यह भी जांच करने की मांग की है कि क्या हादसे के वक्त चालक नशे में था या फोन का इस्तेमाल कर रहा था। साथ ही अमित ने FIR में लगाई गई धाराओं की समीक्षा करने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जरूरत पड़ने पर अन्य धाराएं जोड़ने की मांग की है।
