भिवाड़ी : नोएडा में पिछले दिनों श्रमिकों का आक्रोश देखने को आया। हालांकि, तमाम मांगों को लेकर बनी सहमति के बाद भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं, जहां एक कंपनी के बाहर श्रमिकों ने जोरदार हंगामा देखा जा रहा है। इसी बीच राजस्थान में भी कर्मचारियों के बीच असंतोष की भावना पनपने से हंगामा शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक, राज्य के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मदरसन कंपनी के बाहर कर्मचारियों का बड़ा धरना प्रदर्शन जारी है। वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी कंपनी के गेट पर डटे हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि उनसे तय समय सीमा से ज्यादा काम कराया जा रहा है। साथ ही कंपनी प्रबंधन के व्यवहार को लेकर भी कर्मचारियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं और इसे अपमानजनक बताया है। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल और RAC की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
भिवाड़ी में वेतन बढ़ोतरी को लेकर कर्मचारियों का धरना प्रदर्शन
कर्मचारियों की क्या है मांग?
वहीं प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच लगातार बातचीत का दौर जारी है। अधिकारियों की कोशिश है कि आपसी समझाइश से जल्द समाधान निकाला जाए और हालात सामान्य किए जा सकें। वार्ता के बाद कर्मचारियों का वेतन बढ़ाकर करीब 16 हज़ार से ज़्यादा तक बढ़ाने का फ़ैसला कंपनी प्रबंधन द्वारा लिया जा चुका है। लेकिन कर्मचारी २० हज़ार रुपए तक बढ़वाने की मांग पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल कंपनी के बाहर बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रदर्शन पर डटे हुए हैं, हालांकि राहत की बात ये है कि नोएडा की तरह भिवाड़ी में हिंसक प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है।
नोएडा में फिर से प्रदर्शन शुरू
नोएडा में बुधवार को एक बार फिर औद्योगिक गतिविधियों के शुरू होते ही श्रमिकों का आक्रोश सामने आया है। फैक्ट्रियों के खुलने के साथ ही जिले में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिल रही है। ताजा मामला सेक्टर-63 का है, जहां एक कंपनी के बाहर श्रमिकों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
