Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में आज यानी सोमवार 2 नवंबर को सड़क निर्माण के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण में लगी मशीन हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इससे मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे 8 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य मजदूर झुलस गए। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।
झुंझुनूं में बड़ा हादसा, 8 मजदूरों की मौत
पुलिस के मुताबिक, हादसा छापोली से कदमकुंड को जोड़ने वाली संकरी सड़क पर निर्माण कार्य के दौरान हुआ। यह सड़क जनसहभागिता से बनाई जा रही थी। मौके पर गिट्टी मिलाने के लिए मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलने से आसपास काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी 8 मजदूर स्थानीय निवासी थे। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
PM Modi ने किया 2 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान
झुंझुनूं हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी संदेश में कहा गया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
CM भजनलाल ने दिए जांच के आदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर से हादसे की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित और त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री झाबर सिंह खर्रा को घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है।
ये भी पढ़ें - गांव-तबेला नहीं, ये Greater Noida West है!
तकनीकी चूक मिलने पर होगी कार्रवाई
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक सड़क निर्माण का काम जनसहभागिता से निजी स्तर पर छोटे पैमाने पर कराया जा रहा था। तकनीकी अधिकारियों को घटनास्थल पर जाकर हादसे के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी विभागीय या तकनीकी लापरवाही की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर दुख जताया और घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की। पूर्व विधायक राजेंद्र गुढ़ा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।
