Delhi Kotla Crime News: पूर्वी दिल्ली के कोटला गांव इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कक्षा 8 के एक छात्र की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7 बजे पांडव नगर थाना पुलिस को एक लड़के पर चाकू से हमले की पीसीआर (PCR) कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि घायल किशोर को पहले ही लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले जाया जा चुका था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्कूल से लौटने के 5 मिनट बाद नाले में मिला शव (सांकेतिक चित्र)
स्कूल से लौटने के 5 मिनट बाद हुई वारदात
पीड़ित परिवार के एक सदस्य ने घटना का ब्योरा देते हुए बताया कि छात्र वारदात से ठीक पहले स्कूल से घर लौटा था। उसकी मां हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं। घर आने के बाद उसने अपनी मां को बताया कि वह बाहर खेलने जा रहा है। परिजन के मुताबिक, वह स्कूल से ही लौटा था। उसने अपनी मां को बताया कि वह खेलने जा रहा है। परिवार के सदस्य ने आगे बताया कि करीब पांच मिनट बाद ही एक अन्य लड़का घर आया और उसने छात्र की मां को सूचना दी कि उनका बेटा नाले में पड़ा है और उसके शरीर में चाकू घुसा हुआ है।
पेट और गले पर मिले चाकू के जख्म, दो नाबालिग हिरासत में
परिजन के अनुसार, सूचना मिलते ही छात्र की मां भागकर मौके पर पहुंचीं, जहां उन्होंने देखा कि बेटे के पेट में चाकू मारा गया है, उसका गला कटा हुआ था और शरीर पर चाकू का एक अन्य जख्म भी था। परिवार के सदस्य ने यह भी बताया कि इस वारदात के संबंध में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की हत्या के एंगल से जांच की जा रही है और आगे के तथ्यों व विवरणों की पड़ताल जारी है।
