Mumbai Hotel News: मुंबई के एक प्रतिष्ठित 5-स्टार होटल में साफ-सफाई और हाइजीन को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अशोक सेठ जब मुंबई के सहार स्थित 'जेडब्ल्यू मैरियट' (JW Marriott) होटल के रोमेनो रेस्टोरेंट में डिनर करने के लिए पहुंचे, तो उनकी डिनर टेबल पर एक छोटा कॉकरोच घूमता हुआ दिखा। इस घटना से हैरान डॉक्टर ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
मुंबई के 5-स्टार होटल में डॉक्टर की डिनर टेबल पर मिला कॉकरोच
डिनर टेबल पर आया 'अनचाहा मेहमान'
डॉ. अशोक सेठ शनिवार रात डिनर के लिए रोमेनो रेस्टोरेंट गए थे। तभी उन्होंने देखा कि उनकी टेबल और प्लेट के आसपास एक कॉकरोच घूम रहा है। डॉक्टर ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड करते हुए मजाकिया अंदाज में उस कॉकरोच का नाम 'रोची' रख दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि शायद 'रोची' भी उनके साथ डिनर करना चाहता था और उसे पास्ता नहीं बल्कि पिज्जा चाहिए होगा। हालांकि, इस घटना के बाद उनकी भूख पूरी तरह खत्म हो गई और उन्हें बिना खाए ही रेस्टोरेंट छोड़कर जाना पड़ा।
FDA को टैग किया वीडियो
डॉ. सेठ ने इस लापरवाही का वीडियो शेयर करते हुए महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को भी टैग किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि संबंधित अधिकारी इस मामले की जांच करेंगे सख्त जांच की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
होटल प्रबंधन की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद 'मैरियट बॉन्वाय असिस्ट' के कस्टमर केयर हैंडल ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को गंभीर बताते हुए डॉ. सेठ से संपर्क करने और जानकारी साझा करने को कहा है ताकि मामले की जांच की जा सके। हालांकि, इस पूरे मामले पर रोमेनो रेस्टोरेंट या जीडब्ल्यू मैरियट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
