अब अदालत तक पहुंचा धीरेंद्र शास्त्री का मामला, विवादित बयान के बाद समर्थन में उतरे अनिरुद्धाचार्य

कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ भगवान श्रीकृष्ण पर कथित टिप्पणी को लेकर आगरा कोर्ट में आपराधिक मानहानि का परिवाद दाखिल किया गया है। अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है।

भगवान श्रीकृष्ण पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर बागेश्वर धाम के प्रमुख कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनके खिलाफ आगरा की अदालत में आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया गया है। अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने अदालत में परिवाद दायर कर आरोप लगाया है कि धीरेंद्र शास्त्री के कथित बयान से भगवान श्रीकृष्ण के वंशजों की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। अदालत ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है।

Dhirendra Krishna Shastri

धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ आगरा कोर्ट में परिवाद दाखिल (File Photo)

धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरे अनिरुद्धाचार्य

एक तरफ जहां धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर तीखा विरोध और कानूनी कार्रवाई का दौर जारी है, वहीं अब आध्यात्मिक गुरु अनिरुद्धाचार्य धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने कहा है कि धीरेंद्र शास्त्री ने यह बात किसी अपमान की दृष्टि से नहीं, बल्कि केवल 'विनोद भाव' में कही थी। अनिरुद्धाचार्य ने स्पष्ट किया कि भगवान राम और श्रीकृष्ण एक ही हैं, जो अलग-अलग युगों में अपनी लीलाएं रचने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि यह भक्तों का अपने आराध्य के प्रति विनोद भाव होता है। जिस तरह अयोध्या वासी अपने राम को सीधा-साधा बताते हैं, वहीं वृंदावन के भक्त अपने आराध्य को 'टेढ़े और बांसुरी वाले' के रूप में याद करते हैं।

End of Feed