मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब से भरे ट्रक को पकड़ने की कोशिश में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को तस्कर ने वाहन से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल टीआई को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो घंटे तक उपचार और CPR देने के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
देवास में ट्रक रोकने पहुंचे थाना प्रभारी को चालक ने कुचला
अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए बनाई गई थीं टीमें
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा हुए एक ट्रक आ रहा है, जिसे इंदौर से होते हुए गुजरात ले जाया जाना है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं। इनमें कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीम ट्रक का पीछा कर रही थी, साथ ही रास्ते में नाकाबंदी भी की गई थी। इसी दौरान ट्रक चालक हरदा-नेमावर हाईवे पर पानी पीने के लिए रुका। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी चालक को पकड़ने के लिए उसके पास पहुंचे और उसे वाहन से नीचे उतरने को कहा।
भागने की कोशिश में टीआई ट्रक की चपेट में आए
बताया जा रहा है कि इसी दौरान थाना प्रभारी और चालक के बीच धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि चालक ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ाकर वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
घटना के बाद ट्रक चालक संदलपुर में वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक का नंबर MP 43 H 4786 बताया गया है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। शराब तस्करी की जांच में हरदा के एक तस्कर का नाम सामने आने की बात भी कही जा रही है। बताया गया है कि देवास के कुछ तस्कर भी इस नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
