Delhi News: दिल्ली सरकार की तरफ से महिलाओं के लिए कई तरह की योजनाएं चलाई जाती हैं। इनमें से एक डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा भी शामिल है, जो 1 अगस्त से पिंक कार्ड धारी महिलाओं को ही मिलेगी। इस बीच महिलाओं के लिए एक और खुशखबरी ये है कि दिल्ली सरकार जल्द ही महिला स्पेशल इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रही है। यह प्रस्तावित महिला स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली के 28 सबसे व्यस्त रूटों पर चलेंगी। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -
दिल्ली में चलेंगी महिलाओं के लिए 56 स्पेशल बसें
प्रस्ताव के तहत शहर के 28 सबसे व्यस्त रूटों पर कुल 56 स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इनमें से भी 30 महिला स्पेशल बसें और 26 यूनिवर्सिटी वूमेन स्पेशल बसें शामिल होंगी। सरकार का कहना है कि इस पहल से कामकाजी महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ पीक आवर्स में सामान्य बसों पर यात्रियों का दबाव भी कम होगा।
परिवहन विभाग के मुताबिक, महिला स्पेशल बसें सुबह और शाम के दफ्तर समय में दोनों दिशाओं में चलाई जाएंगी। ये बसें प्रमुख बिजनेस सेंटर्स, रोजगार क्षेत्रों, संस्थागत परिसरों और मेट्रो इंटरचेंज स्टेशनों को शहर के विभिन्न आवासीय इलाकों से जोड़ेंगी।
DU छात्राओं को मिलेगा सीधा लाभ
यूनिवर्सिटी वूमेन स्पेशल बसों का संचालन दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस सहित प्रमुख एजुकेशनल सेंटरों के लिए किया जाएगा। ये बसें नजफगढ़, रोहिणी, जनकपुरी, मुंडका, मयूर विहार, कालकाजी, पल्ला और धौला कुआं जैसे आवासीय इलाकों को विश्वविद्यालय परिसरों से जोड़ेंगी। इससे बड़ी संख्या में कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी।
बसों में होंगे ये आधुनिक सुरक्षा फीचर
सरकार के मुताबिक, सभी बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होंगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। हर बस में CCTV कैमरे, ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर से जुड़े पैनिक बटन, दिव्यांग यात्रियों के लिए लो-फ्लोर रैंप और बस मार्शल या महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
स्वच्छ पर्यावरण को मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा (Women Safety) को और मजबूत बनाना तथा व्यस्त समय में नियमित बस सेवाओं पर बढ़ने वाले दबाव को कम करना है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसें चलाने से स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा।
महिलाओं के लिए समर्पित यह बस नेटवर्क राजधानी के सार्वजनिक परिवहन तंत्र में एक नई पहल माना जा रहा है। सरकार का मानना है कि इससे महिला यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन को नई मजबूती भी मिलेगी।
