Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से दो सगे भाई-बहन समेत तीन मासूमों की मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना बुधवार शाम डोंगरगढ़ विकासखंड के बोरतलाव क्षेत्र के गांधीनगर गांव में हुई।
घर से निकले थे खेलने के लिए
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक बच्चा चार साल का और आठ-आठ साल के दो सगे भाई खेलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की और कई घंटे की खोजबीन के बाद रात में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे से तीनों के शव बरामद किए।
मिट्टी खोदे जाने के कारण बना था गड्ढा
अधिकारी ने बताया कि यह गड्ढा कुछ महीने पहले किसी काम के लिए मिट्टी खोदे जाने के कारण बना था। हाल में हुई बारिश के बाद इसमें पानी भर गया था। अधिकारी ने बताया कि तीनों शव देर रात बरामद किए गए और पोस्टमार्टम के लिए डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिए गए।
बिना सुरक्षा इंतजाम के छोड़ दिया
ग्रामीणों का आरोप है कि खुदाई के बाद गहरे गड्ढे को बिना सुरक्षा इंतजाम के छोड़ दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अधिकारी ने बताया कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सही कारण का पता चल सकेगा।
अब तक राज्य में हुई कितनी बारिश?
बात अगर बरसात की करें तो छत्तीसगढ़ में जुलाई के पहले 11 दिनों में सामान्य से 53% अधिक बारिश दर्ज की गई थी, लेकिन उसके बाद कुछ दिनों तक मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से मौसम आमतौर पर शुष्क रहा। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि, छत्तीसगढ़ में 16 से 22 जुलाई के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। 16 से 20 जुलाई के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं, 17 से 21 जुलाई के दौरान प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। खास तौर पर 16 जुलाई को कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने का भी अनुमान है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।
