शहर

7 साल पुराने मर्डर केस का खुला राज; राजस्थान में छिपा था 50 हजार का इनामी कातिल, UP STF ने दबोचा

UP STF को बड़ी सफलता मिली है। साल 2019 में लखनऊ में टैक्सी ड्राइवर शुभम पांडे की बेरहमी से हत्या कर गाड़ी लूटने वाले 50,000 रुपये के इनामी अपराधी मोनू यादव उर्फ अभिमन्यु को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

UPSTF ने राजस्थान से किया गिरफ्तार

Photo : Times Now Digital

Crime News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। STF की टीम ने साल 2019 में राजधानी लखनऊ में हुए एक सनसनीखेज टैक्सी ड्राइवर हत्याकांड में लंबे समय से वांटेड और 50,000 रुपये के इनामी घोषित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए शातिर अपराधी की पहचान मोनू यादव उर्फ अभिमन्यु यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के थाना सुखपुरा इलाके का रहने वाला है। STF ने इसे राजस्थान के डीडवाना जिले से घेराबंदी कर दबोचा है।

गाड़ी लूटने की नीयत से की थी हत्या

STF द्वारा की गई कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्त मोनू यादव ने अपना गुनाह कबूल करते हुए 7 साल पहले हुई इस खौफनाक वारदात का पूरा सच उगल दिया। अभियुक्त ने बताया कि 14 जुलाई 2019 की रात उसने अपने साथियों, मिथिलेश पांडे, छोटू सिंह और मोहन यादव के साथ मिलकर गाड़ी लूटने की साजिश रची थी। इन लोगों ने चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने के बहाने एक टैक्सी बुक की, जिसे चालक शुभम पांडे चला रहा था। रास्ते में इन सभी ने मिलकर गाड़ी छीनने के इरादे से ड्राइवर शुभम पांडे की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने शुभम के शव को एक नहर में फेंक दिया और लूटी गई टैक्सी को लेकर वाराणसी फरार हो गए थे।

सरोजिनी नगर थाने में दर्ज है मुकदमा

टैक्सी ड्राइवर शुभम पांडे की हत्या के इस मामले में लखनऊ के सरोजिनी नगर कमिश्नरेट थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस वारदात के बाद से ही मोनू यादव पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसके बाद प्रशासन ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। UP STF ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आखिरकार आरोपी को राजस्थान के डीडवाना में ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया। UP STF की टीम ने आरोपी को लखनऊ लाकर स्थानीय सरोजिनी नगर थाना पुलिस को सौंप दिया है, जहां उसके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजने की तैयारी जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article