Delhi Murder Case: दिल्ली के कैलाश नगर इलाके से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शनिवार को एक महिला का शव उसकी झुग्गी में संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। महिला का गला रेता हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को इस हत्याकांड में महिला के पति की भूमिका का शक है। पुलिस सभी एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे कैलाश नगर बीट इलाके में गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल प्रमोद को सूचना मिली कि एक झुग्गी के अंदर महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में महिला मृत पाई गई और उसके गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पति-पत्नी के बीच रहता था विवाद
मृतक महिला की पहचान रुखसार के रूप में हुई है, वह गांधी नगर थाना क्षेत्र के कैलाश नगर इलाके में रहती थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रुखसार और उसके पति के बीच पिछले करीब दो सालों से अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि घटना वाले दिन रुखसार का पति उससे मिलने आया था। इसी आधार पर पुलिस उसके पति की गतिविधियों और घटना में संभावित भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस ने इस मामले में सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
