Delhi Flight Delay: दिल्ली में बुधवार शाम मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला। राजधानी में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और कई इलाकों में ओले भी गिरे। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। बिगड़े मौसम के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा, जहां 500 से अधिक फ्लाइट्स में देरी हुई। वहीं 15 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया और 6 विमानों ने लैंडिंग के दौरान दोबारा उड़ान भरी।
खराब मौसम से 500 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित
पालम में चली 98KM की रफ्तार से आंधी
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शाम 8 बजे के बाद मौसम ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। इस दौरान मौसम तेजी से बिगड़ा, जिसे देखते हुए IMD ने उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। राजधानी के पालम इलाके में तेज आंधी चली, यहां हवाओं की रफ्तार 98 किलोमीटर प्रति घंटे दर्ज की गई। वहीं सफदरजंग और पूसा में हवा की स्पीड 72 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इसके अलावा दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में धौला कुआं, मोती बाग और उत्तम नगर जैसे इलाकों में ओले भी गिरे।
दिल्ली में दिन में उमस रात में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पालम में 2 मिमी और सफदरजंग में 1.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिनभर की तेज गर्मी और पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसा मौसम बना। राजधानी में दिन में हुई हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन उमस की वजह से शाम तक 44 डिग्री सेल्सियस तक तापमान महसूस हुआ। हालांकि वास्तविक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही दर्ज हुआ।
दिल्ली में 14 मई को कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार से बारिश की संभावना नहीं है। मौसम साफ रहने के कारण आगामी दिनों में एक बार फिर तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके चलते रविवार तक दिल्ली का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट भी दिया है।
