Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 15-December-2025: दिल्ली-NCR इस समय दोहरी मार झेल रहा है। एक ओर खतरनाक स्तर पर पहुंचा वायु प्रदूषण लोगों की सांसों पर भारी पड़ रहा है, तो दूसरी ओर घना कोहरा और स्मॉग सड़कों पर आवाजाही को मुश्किल बना रहा है। राजधानी की सड़कें देर रात से ही धुंध की मोटी परत में ढकी हुई हैं और सुबह कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में आज कोहरे का अलर्ट
धूप कमजोर, ठंड का अहसास बढ़ा: Delhi Ka Mausam
हालांकि दिन के तापमान में अभी बड़ी गिरावट नहीं आई है, लेकिन ठिठुरन बढ़ने लगी है। इसकी वजह तेज धूप का कमजोर पड़ना और आसमान में धुंध की मौजूदगी मानी जा रही है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर अधिक होने के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
कोहरे के साथ प्रदूषण ने बढ़ाई परेशानी: Delhi Ka Mausam
दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण बेहद गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। कई क्षेत्रों में जहरीला स्मॉग आसमान में छाया रहा, जिससे सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में परेशानी जैसी शिकायतें बढ़ गई हैं। बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों पर इसका खास असर देखा जा रहा है। सोमवार सुबह राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया, जबकि कुछ इलाकों में यह बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। दिल्ली में सोमवार को सुबह 8 बजे AQI 452 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं वजीरपुर और रोहिणी में तो यह AQI 500 पर दर्ज किया गया।
CAQM के सख्त निर्देश, GRAP-4 लागू: Delhi Ka Mausam
बिगड़ती हवा को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वॉलिटी मैनेजमेंट ने सख्त कदम उठाए हैं। सभी राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में बाहर होने वाली खेल गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए। GRAP-4 के तहत लागू इन प्रतिबंधों को बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए जरूरी बताया गया है।
अगले कुछ दिन ऐसे ही रहेंगे हालात: Delhi Ka Mausam
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान अधिकतर साफ या हल्के बादलों वाला रह सकता है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते ठंडक और बढ़ सकती है और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। फिलहाल बारिश या तेज हवाओं के कोई आसार नहीं हैं, जिससे प्रदूषण के हालात में जल्द सुधार की उम्मीद कम है। पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश और हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। हालांकि 18 दिसंबर के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, लेकिन मैदानी इलाकों में इससे ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं जताई जा रही है।
NCR में भी हालात खराब: Delhi Ka Mausam
दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण गंभीर बना हुआ है। इन इलाकों में दिन का तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। कुल मिलाकर, दिल्ली-NCR में फिलहाल मौसम और प्रदूषण दोनों ही लोगों की मुश्किलें बढ़ाते नजर आ रहे हैं।
