Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 05-January-2026: दिल्ली-एनसीआर में गलाने वाली ठंड पड़ रही है। सर्द हवाओं के चलते लोगों को दिन में कपकपी का एहसास हो रहा है। दिन में धूप के दर्शन भी नहीं हो रहे हैं। जिससे लोग ठंड से बचने के लिए घरों से कम निकल रहे हैं। गलन के कारण लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। वहीं घने कोहरे और प्रदूषण का प्रकोप भी लगातार जारी है। जिसके चलते सुबह और रात के समय विजिबिलिटी काफी कम हो जा रही है। आज सुबह भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। जिसका सड़क से लेकर हवाई यातायात पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। सुबह के समय सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं। कई ट्रेनें और फ्लाइट्स भी देरी से चल रही हैं।
दिल्ली में कड़ाके की ठंड (फाइल फोटो | PTI)
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह और रात के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर के समय 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में शीतलहर की स्थिति भी देखने को मिल सकती है। आईएमडी के अनुसार 5 से 8 जनवरी के दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में अगले 3 दिन मौसम साफ रहने वाला है। दिन में धूप निकलने की भी संभावना है। हालांकि सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। वहीं 6 और 7 जनवरी को दोपहर के समय 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है। जिसके बाद हवा की रफ्तार में कमी आने की संभावना है। 8 जनवरी को दोपहर के समय 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चल सकती हैं। 9 और 10 जनवरी को राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है।
