Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 04-January-2026: दिल्ली-एनसीआर में ठंड, कोहरे और प्रदूषण का प्रकोप जारी है। बर्फीली हवाओं के कारण दिन में भी रात जैसी ठंड सता रही है। मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी तक दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीतलहर जैसे हालात रहने की संभावना है। साथ ही आज घने कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। रविवार को 5 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में पालम रहा सबसे ठंडा
दिल्ली में शनिवार को भी कड़ाके की ठंड का असर रहा। दिन में धूप का असर न के बराबर रहा। जिससे सर्दी का प्रकोप दिन में भी जारी रहा। ठंडी हवाओं के चलते लोग अपने घरों से कम ही बाहर निकल रहे हैं। शनिवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान सबसे ठंडा इलाका आयानगर रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा पालम में अधिकतम पारा 15.8 डिग्री, लोधी रोड पर 17.6 डिग्री और रिज में 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे से विजिबिलिटी में गिरावट
शनिवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में कोहरे के चलते विजिबिलिटी में गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में करीब नौ बजे दृश्यता घटकर 800 मीटर रह गई, जो बाद में बढ़कर 1,200 मीटर हो गई। आज सुबह भी कई इलाकों में मध्यम से घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिससे विजिबिलिटी में कमी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 4 जनवरी से 7 जनवरी तक राजधानी के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बनी रहने का पूर्वानुमान जताया है।
दिल्ली में प्रदूषण का हाल
प्रदूषण की बात करें, तो नया साल आने के बाद भी दिल्ली का जहरीली हवा से राहत नहीं मिली है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह 7 बजे राजधानी का औसत एक्यूआई 298 दर्ज किया गया, जिसे खराब श्रेणी में माना जाता है। इस दौरान कई इलाकों में एयर क्वालिटी बेहद खराब भी दर्ज की गई। शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 267 यानी ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज हुआ। आने वाले दिनों में भी प्रदूषण के हालात और बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है।
