Delhi Traffic Advisory: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार यानी 26 जून 2026 को हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत की याद में ताजिया के जुलूस निकाले जाएंगे। दक्षिणपुरी स्थित कर्बला मैदान और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में होने वाले इन बड़े आयोजनों को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यातायात को सुचारू बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों, चौराहों और कॉरिडोर पर विशेष पाबंदियां और रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को प्रभावित रास्तों से बचने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और अपने सफर की योजना पहले से बनाने की सलाह दी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
ये मुख्य रास्ते रहेंगे सबसे ज्यादा प्रभावित
अगर आप आज दिल्ली की सड़कों पर निकलने वाले हैं, तो इन रास्तों पर आपको भारी जाम या ट्रैफिक पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है:
मेहरौली-बदरपुर रोड (MB Road): हमदर्द टी-पॉइंट से खानपुर टी-पॉइंट तक।
पंखा रोड: सागरपुर टी-पॉइंट से उत्तम नगर चौक तक।
डाबड़ी-पालम रोड: पालम फ्लाईओवर से डाबड़ी मोड़ होते हुए MTNL ऑफिस के पास कर्बला तक।
GTK रोड: आजादपुर चौक से मुकरबा चौक तक.
सेंट्रल दिल्ली: जामा मस्जिद, अजमेरी गेट, कमला मार्केट, पहाड़गंज, झंडेवालान, इंद्रलोक, शास्त्री नगर और बाड़ा हिंदू राव
नई दिल्ली एरिया: आउटर सर्किल (कनॉट प्लेस), संसद मार्ग, रफी मार्ग, सुनहरी बाग रोड, कृष्णा मेनन मार्ग और तुगलक रोड कॉरिडोर।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- मोहर्रम जुलूस के दौरान हाई टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आया ताजिया, 3 की मौत
क्षेत्रवार ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग संवेदनशील और प्रमुख इलाकों के लिए समय के अनुसार डायवर्जन प्लान तैयार किया है:
1. सेंट्रल दिल्ली (दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
सेंट्रल दिल्ली के इस बड़े टाइम विंडो में जुलूस की आवाजाही और तात्कालिक ट्रैफिक स्थिति को देखते हुए ब्रिजमोहन चौक, गेट नंबर 1 जामा मस्जिद, सुभाष कट (साइकिल मार्केट), अजमेरी गेट, कमला मार्केट गोलचक्कर, झंडेवालान गोलचक्कर, पहाड़गंज चौक, इंद्रलोक चौक, के.डी. चौक (शास्त्री नगर मेट्रो चौक), कमल टी-पॉइंट और बाड़ा हिंदू राव चौराहों पर डायवर्जन लागू किया जाएगा।
ध्यान रहे, इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से जखीरा अंडरपास की तरफ जाने वाले वाहनों को बिल्कुल भी अनुमति नहीं दी जाएगी
2. नई दिल्ली क्षेत्र (शाम 04:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
लुटियंस और नई दिल्ली के VVIP इलाकों में शाम के वक्त इन रास्तों पर प्रतिबंध रहेगा:
आउटर सर्किल (चेम्सफोर्ड रोड क्रॉसिंग से संसद मार्ग तक - रॉन्ग कैरिजवे)।
संसद मार्ग (नीति आयोग तक) और नीति आयोग से रेल भवन गोलचक्कर तक रफी मार्ग।
रेल भवन गोलचक्कर से सुनहरी मस्जिद और सुनहरी बाग रोड/कृष्णा मेनन मार्ग से गोल मेथी गोलचक्कर तक।
गोल मेथी गोलचक्कर से तुगलक रोड गोलचक्कर और अरबिंदो चौक तक तुगलक रोड।
3. मेहरौली-बदरपुर रोड (MB Road) डायवर्जन
बदरपुर से खानपुर/साकेत की तरफ आने वाले ट्रैफिक को हमदर्द टी-पॉइंट से गुरु रविदास मार्ग की तरफ मोड़ दिया जाएगा। गुरु रविदास मार्ग से साकेत की तरफ जाने वाले वाहनों को हमदर्द टी-पॉइंट पर बदरपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं साकेत से बदरपुर जाने वाले ट्रैफिक को खानपुर टी-पॉइंट से लाल बहादुर शास्त्री मार्ग होते हुए चिराग दिल्ली की तरफ भेजा जाएगा। चिराग दिल्ली/लाल बहादुर शास्त्री मार्ग से एमबी रोड की ओर आने वाले ट्रैफिक को खानपुर टी-पॉइंट पर साकेत की तरफ मोड़ दिया जाएगा। साथ ही महर्षि वाल्मीकि मार्ग, राजा राम मार्ग, दुर्बल नाथ मार्ग और बाबा रामदेव रोड/दक्षिणपुरी रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रह सकती है।
4. पंखा रोड और डाबड़ी-पालम रोड (दोपहर 02:00 बजे से)
पंखा रोड: दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सागरपुर टी-पॉइंट और उत्तम नगर चौक के बीच आधा कैरिजवे (सड़क का एक हिस्सा) बंद रहेगा।
डाबड़ी-पालम रोड: दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक पालम फ्लाईओवर, डाबड़ी मोड़ और MTNL ऑफिस के पास कर्बला के बीच आधा कैरिजवे बंद रहेगा।
5. जीटीके रोड (GTK Road) पर कमर्शियल वाहनों पर रोक
शाम 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक आजादपुर चौक से मुकरबा चौक के बीच भारी/व्यावसायिक वाहनों (Commercial Vehicles) की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित या डायवर्ट रहेगी। इस प्रतिबंध की अवधि के दौरान आजादपुर मंडी जाने वाले किसी भी कमर्शियल वाहन को इस स्ट्रेच पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा
नो-पार्किंग और आपातकालीन सेवाएं (No-Parking Guidelines)
जुलूस के रूटों और प्रभावित रास्तों के आसपास कड़ी 'नो-पार्किंग' व्यवस्था लागू रहेगी। नियमों का उल्लंघन कर सड़क पर खड़े किए गए वाहनों को क्रेन से टो कर नजदीकी ट्रैफिक पिट में भेज दिया जाएगा। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से इन रास्तों से बचने की अपील की है, लेकिन एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, दिल्ली पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहनों को बिना किसी रुकावट के प्राथमिकता के आधार पर जाने की अनुमति दी जाएगी।
