Delhi Traffic Advisory: दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 12 से 15 अगस्त 2026 तक 'भारत व्यापार महोत्सव 2026' आयोजित होगा। जिसके मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। आयोजन के दौरान करीब 20 से 25 हजार लोगों के महोत्सव में पहुंचने की संभावना है। इसके चलते भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है।
भारत व्यापार महोत्सव को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी (सांकेतिक फोटो)
सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक पार्किंग पर रोक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 12 से 15 अगस्त के दौरान मथुरा रोड और भैरों मार्ग समेत आसपास के रास्तों पर सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक वाहनों को रुकने या पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को क्रेन के जरिए टो किया जाएगा और चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी।
मथुरा रोड और भैरों मार्ग से बचने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि ट्रैफिक जाम से बचने के लिए वे मथुरा रोड और भैरों मार्ग का इस्तेमाल करने से बचे। महोत्सव के दौरान इन रास्तों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। वाहन चालकों के लिए रिंग रोड को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले ध्यान दें
ट्रैफिक पुलिस ने ISBT, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक इस्तेमाल करने की भी अपील की गई है।
20-25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना
भारत व्यापार महोत्सव का आयोजन 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे के बीच भारत मंडपम में होने वाला है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने सुगम यातायात के लिए यह व्यवस्था लागू की है।
