Delhi Cylinder Blast: राजधानी दिल्ली के आउटर दिल्ली इलाके से एक भीषण हादसे की खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर टीकरी कलां मेट्रो स्टेशन के पास एक ट्रक में सीएनजी भरवाते समय सीएनजी पंप पर अचानक सिलेंडर फटा। इस ब्लास्ट की चपेट में आने से तीन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे।
टीकरी कलां में तेज धमाके से कांप उठे लोग!
घटना दोपहर करीब 3:37 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टीकरी कलां इलाके में एक ट्रक में सीएनजी गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सीएनजी सिलेंडर में तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के कारण अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दिल्ली फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज को दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: रेस्टोरेंट में नौकरी, नेपाल बॉर्डर से एंट्री... 15 अगस्त को पुरानी दिल्ली से पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक, जांच में चौंकाने वाले खुलासे
दमकल अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत शुरू किया राहत-बचाव कार्य
हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और क्विक रिस्पांस व्हीकल मौके पर रवाना किए गए। दमकल अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घटनास्थल पर मौजूद छह घायलों को आनन-फानन में मलबे से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
मामले की गहन जांच शुरू
इस घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारी अब ट्रक और सीएनजी रिफिलिंग उपकरण की तकनीकी जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाका किस वजह से हुआ। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या गैस रिफिलिंग के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई थी। इस दुखद हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
