Delhi News: दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगभग 1100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर (Ayushman Arogya Mandir) खोलने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज यानी बुधवार 14 अक्टूबर को मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 9 लाख से ज्यादा लोगों का नामांकन हो चुका है। लगभग 65 हजार क्लेम का निपटारा किया गया है और 118 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से योजना के तहत मिलने वाले 5 लाख रुपये के स्वास्थ्य कवर में दिल्ली सरकार ने 5 लाख रुपये और जोड़े हैं।
दिल्ली में 1100 आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य - CM रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने ये जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक कार्यकाल और दिल्ली में केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए दी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार की कैबिनेट ने प्रधानमंत्री के 25 साल के जनसेवा और राष्ट्रसेवा के कार्यकाल पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर उन्हें बधाई दी और आभार जताया।
आयुष्मान योजना में 10 लाख तक का हेल्थ कवर
सीएम रेखा गुप्ता के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को अपनाने का फैसला किया था। केंद्र की ओर से पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलता है, जबकि दिल्ली सरकार ने इसमें अतिरिक्त 5 लाख रुपये जोड़ने की बात कही है। इस तरह पात्र लाभार्थियों के लिए कुल स्वास्थ्य कवर 10 लाख रुपये तक हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 9 लाख से ज्यादा लोगों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। लगभग 65 हजार क्लेम का निपटारा किया गया है और 118 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। सरकार का अगला लक्ष्य दिल्ली में करीब 1100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलना है।
सड़क परियोजनाओं पर 1.25 लाख करोड़ रुपये का दावा
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र के सहयोग से 1.25 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं पूरी हुई हैं, निर्माणाधीन हैं या योजना के चरण में हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से दिल्ली में यातायात का दबाव कम करने यानी डी-कंजेशन की दिशा में काम हो रहा है।
यमुना सफाई और स्वच्छ भारत मिशन का किया जिक्र
सीएम रेखा गुप्ता ने यमुना की सफाई, कचरे के पहाड़ और पर्यावरण सुधार जैसे मुद्दों पर भी केंद्र के सहयोग का उल्लेख किया। उनके अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिल्ली को अब तक 1200 करोड़ रुपये और AMRUT योजना के तहत लगभग 830 करोड़ रुपये मिले हैं।
ये भी पढ़ें - Vaishali News: वैशाली नाव हादसे पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख, बचाव अभियान तेज करने की मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग दिया है।
