Delhi School Bomb Hoax: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। एमिटी और बिरला विद्या निकेतन समेत कई शिक्षण संस्थानों को अज्ञात कॉल और ईमेल के जरिए धमकी दी गई। बम की धमकी मिलने के बाद परिसर को खाली करवाया गया है और जांच की जा रही है। स्कूलों में एंटी-सबोटेज टीम, बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवाएं और पीसीआर टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंच गई हैं।
सांकेतिक चित्र (PTI)
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी कि छात्रों, शिक्षकों, स्कूल स्टाफ और आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा चुके हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या कोई जानकारी मिले तो तुरंत 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।
कल भी मिली थी धमकी
द्वारका कोर्ट में भी बुधवार को ईमेल से बम की धमकी मिली थी। इस धमकी के बाद आनन-फानन में अदालत परिसर को खाली कराया गया और मौके पर पुलिस टीम और बम स्क्वॉड टीम पहुंची। हालांकि बाद में यह धमकी फर्जी निकली, जिसके बाद पुलिस टीम ने राहत की सांस ली। पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह द्वारका कोर्ट कॉम्प्लेक्स में बम की धमकी के बाद हड़कंप मच गया था। एहतियात के तौर पर बाद में इलाके को खाली कराया गया। बाद में धमकी अफवाह निकली। बम की धमकी वाला ईमेल सुबह करीब 9.30 बजे मिला था, लेकिन जांच कराने पर कुछ नहीं मिला था।
कई महीनों से आ रहे फर्जी कॉल्स
बीते कुछ महीनों से दिल्ली के स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी दफ्तरों को पहले भी इस तरह के फर्जी मेल और कॉल मिलते रहे हैं। पिछले साल ऐसी कई फर्जी कॉल मिली थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बुधवार को आई इन सूचनाओं का स्रोत क्या था। साइबर यूनिट की टीमें तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें।
