दिल्ली में रोडरेज की एक मामूली घटना ने हिंसक रूप ले लिया। सराय काले खां फ्लाईओवर के पास बाइक और कार की टक्कर के बाद क्रेटा सवार दो युवकों ने सफदरजंग अस्पताल के दो कर्मचारियों पर हथौड़े और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और आरोपी एक युवक का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लेकिन दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की मुस्तैदी और बेहतरीन टीमवर्क के चलते दोनों आरोपी ज्यादा देर तक पुलिस से बच नहीं सके। पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आखिर पुलिस आरोपियों तक कैसे पहुंची, देखिए ये रिपोर्ट।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
मामूली टक्कर के बाद खूनी हमला
दरअसल, 25 नवंबर की शाम करीब 4 बजकर 10 मिनट पर सराय काले खां फ्लाईओवर के पास मारपीट की PCR कॉल मिली थी। घायल विक्रम, उम्र 39 साल और अरुण, उम्र 22 साल, दोनों सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन में संविदा कर्मचारी हैं। ड्यूटी खत्म करने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की सफेद हुंडई क्रेटा कार से टक्कर हो गई। इसके बाद कार सवार दो युवकों ने हथौड़े और लकड़ी के डंडे से दोनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने एक युवक का मोबाइल फोन भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस हरकत में आई। SI राकेश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने सबसे पहले वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार के मालिक का पता लगाया। पूछताछ में सामने आया कि कार आरोपी अभिषेक ने किराये पर ली थी। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय खुफिया जानकारी के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने दक्षिण दिल्ली, हरियाणा के तिगांव और बाहरी दिल्ली के नरेला तक लगातार छापेमारी की। आखिरकार पुलिस की मेहनत रंग लाई और दोनों आरोपियों को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की मुस्तैदी और टीमवर्क से मिली कामयाबी
इस पूरे ऑपरेशन में दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की तेजी, सूझबूझ और टीमवर्क की अहम भूमिका रही। आरोपी पुलिस से बचने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट बदल चुके थे। इतना ही नहीं, उन्होंने कार के आगे के शीशे पर MLA का स्टिकर भी लगा रखा था, ताकि पहचान से बच सकें। लेकिन तकनीकी सर्विलांस, स्थानीय सूचना और लगातार पीछा कर रही पुलिस टीम ने उनकी हर चाल नाकाम कर दी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथौड़ा, लकड़ी का डंडा, लूटा गया मोबाइल फोन और हुंडई क्रेटा कार बरामद कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय अरमान और 25 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है। अरमान नोएडा के ईशान कॉलेज में लॉ का चौथे वर्ष का छात्र है, जबकि अभिषेक बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और निर्माण व्यवसाय से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक अभिषेक का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस की टीम ने जिस तेजी और तालमेल के साथ काम किया, उसकी बदौलत हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामले में महज छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
