Delhi Protests: नई दिल्ली जिले में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट को लेकर दिल्ली पुलिस की एक वरिष्ठ अधिकारी ने चिंता जताई है। वीडियो संदेश में अधिकारी ने कहा, "वे महिलाएं हैं और कोई भी महिला, चाहे वह अपनी वर्दी में हो या बिना वर्दी के, सम्मान की हकदार है।" उन्होंने प्रदर्शन स्थलों पर ड्यूटी कर रही महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की अपील की। अधिकारी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन वाली जगहों पर बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्हें खास तौर पर महिला प्रदर्शनकारियों को संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि महिला प्रदर्शनकारियों से निपटने की जिम्मेदारी महिला पुलिसकर्मियों की ही होगी।
CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआ को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन की तस्वीर (फोटो- PTI)
महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और मारपीट
अधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें पुरुष पुलिसकर्मी महिला प्रदर्शनकारियों को छूने से भी बचते नजर आ रहे हैं। हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों को जिन मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें इन वीडियो में सामने नहीं लाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ वीडियो में महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, कई मौकों पर पुरुष प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर महिला पुलिसकर्मियों को भीड़ के बीच खींचने, उनके साथ अभद्र व्यवहार करने और उनके कपड़े व पुलिस बैज तक फाड़ने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश के दौरान कुछ महिला पुलिसकर्मियों पर हमला भी किया गया।
ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी भी सम्मान की हकदार
अधिकारी ने यह भी कहा कि प्रदर्शन स्थलों पर महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार का मुद्दा सिर्फ महिला पुलिसकर्मियों तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, कुछ मामलों में पुरुष प्रदर्शनकारियों द्वारा महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी गलत व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनकर ड्यूटी करने वाली महिला पुलिसकर्मियों की गरिमा और सम्मान किसी भी दूसरी महिला से अलग नहीं है। उन्होंने कहा, "ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी भी हर दूसरी महिला की तरह सम्मान की हकदार हैं। वे अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं और उनके साथ बदसलूकी या मारपीट नहीं होनी चाहिए।"
महिला पुलिसकर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील
अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शन स्थलों पर महिला पुलिसकर्मियों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, इसके बावजूद वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अग्रिम मोर्चे पर तैनात हैं। उन्होंने लोगों से संयम बरतने और महिला पुलिसकर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की। नई दिल्ली जिले में संसद के आसपास कॉकरोच जनता पार्टी, छात्र संगठनों और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर (SIR) विवाद को लेकर जारी हैं। इन प्रदर्शनों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
