Delhi Police: देश की राजधानी दिल्ली और देश में एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते नाकाम कर दिया है। जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (न्यू दिल्ली रेंज - NDR) ने एक बेहद खुफिया और बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर और ISI समर्थित हैंडलर शहजाद भट्टी नेटवर्क के दो अलग-अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर दिया है।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई
6 संदिग्ध आरोपियों की गिफ्तारी
बताया जा रहा है कि इस ताबड़तोड़ प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिल्ली और पंजाब के अलग-अलग ठिकानों से 6 संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की शुरुआती जांच में जो सनसनीखेज खुलासे हुए हैं, उसके मुताबिक पकड़े गए ये छह आरोपी संगठित तरीके से दो अलग-अलग सिंडिकेट या नेटवर्क के तौर पर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे- एक टेरर मॉड्यूल और दूसरा आर्म्स ट्रैफिकिंग मॉड्यूल।
सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए निर्देश
टेरर मॉड्यूल के गुर्गों को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स सीधे इंटरनेट और एंक्रिप्टेड सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए निर्देश दे रहे थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इनका मुख्य काम संवेदनशील ठिकानों, पुलिस चौकियों और धार्मिक स्थलों की रेकी करना और वहां हमला करना था। वहीं आर्म्स ट्रैफिकिंग मॉड्यूल सीमा पार यानी पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते ड्रोन और अन्य माध्यमों से अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों (ड्रग्स) को भारत के भीतर स्मगल करने का काम कर रहा था।
शुरुआती जांच में किया सामने आया
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई पिस्टल और पेट्रोल बम बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार कई राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं। इससे पहले भी दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और सुरक्षा एजेंसियों ने शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क्स का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाइयां की हैं।
