Delhi News: उत्तर पश्चिम दिल्ली पुलिस ने 72 घंटे के 'ऑपरेशन प्रहार' के दौरान डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य के चोरी और छीने गए 390 मोबाइल फोन, चोरी किए गए 66 दो पहिया वाहन और तकरीबन 62 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर 23 आरोपियों को हिरासत में लिया। उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस चार से छह अगस्त के बीच चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 19 अवैध आग्नेयास्त्र एवं 21 चाकू बरामद। उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया या उन्हें हिरासत में लिया गया है जिनमें चोर, चोरी का माल खरीदने वाले, खराब चरित्र के व्यक्ति (बीसी) और किशोर शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस की बड़ी सफलता (प्रतीकात्मक फोटो)
कहां-कहां से बरामद हुए मोबाइल फोन?
पुलिस के अनुसार, सबसे ज्यादा 66 मोबाइल फोन सुभाष नगर थाने से बरामद किए गए हैं। इसके बाद सेंधमारी रोधी प्रकोष्ठ ने 54 और जहांगीरपुरी थाने ने 46 फोन बरामद किए। डीसीपी ने बताया कि चोरी के एक मामले में एक आरोपी की मां को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शकुरपुर की जेजे कॉलोनी से दो कुख्यात चोरों 23 वर्षीय ध्रुव उर्फ कुणाल और 30 वर्षीय पंकज को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि जांच में कुणाल की मां की भी संपलिप्तता सामने आई जिसने अपने पहचान संबंधी दस्तावेजों का इस्तेमाल करके चोरी के सोने के आभूषणों को एक स्वर्ण ऋण कंपनी में जानबूझकर गिरवी रखा था। उसे भी मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
32 आपराधिक मामलों में संयुक्त रूप से शामिल
पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई में चोरी और छीने गए 54 मोबाइल फोन, लगभग 12 लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषण, 65,000 रुपये नकद, अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और गिरवी रखे गए सोने के गहने बरामद हुए, जबकि चोरी और झपटमारी के 22 मामलों को सुलझा लिया गया। डीसीपी यादव ने बताया कि एक अन्य मामले में, अशोक विहार पुलिस ने गश्त के दौरान दो कथित झपटमारों को पकड़ लिया। उनके कब्जे से एक देसी कट्टा, एक कारतूस, एक चाकू, चोरी का एक मोबाइल फोन और चोरी का एक स्कूटर बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि दोनों 32 आपराधिक मामलों में संयुक्त रूप से शामिल रहे।
