Delhi News: आगामी 8 नवंबर को दिवाली के लिए बाजार सजे हुए हैं। हर तरफ बाजारों में रौनक और भीड़ देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। ऐसे में दिल्ली के सदर बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं। बाजार की संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की अव्यवस्था या आपराधिक घटना को रोकने के लिए पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
दिल्ली के सदर बाजार में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी (File Photo)
भीड़ पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस Drone की मदद ले रही है। इसके जरिए बाजार के ऊपर से भीड़ की स्थिति, लोगों की आवाजाही और ज्यादा दबाव वाले इलाकों पर नजर रखी जा सकती है। किसी जगह पर अचानक भीड़ बढ़ने या जाम जैसी स्थिति बनने पर पुलिस को तुरंत जानकारी मिल सकेगी और जरूरत के मुताबिक मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा जा सकेगा।
इसके अलावा FRS (Face Recognition System) के जरिए भी निगरानी की व्यवस्था की गई है। इस तकनीक की मदद से सीसीटीवी कैमरों में कैद चेहरों का मिलान पुलिस के पास उपलब्ध डेटाबेस से किया जा सकता है। इससे संदिग्ध और वांछित अपराधियों की पहचान करने में मदद मिलती है। खासतौर पर जेबकतरी, चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है।
बाजार के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले हिस्सों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने और लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
दिल्ली पुलिस की कोशिश है कि सदर बाजार में भारी भीड़ के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और खरीदारी करने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भीड़ नियंत्रण के लिए ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है और इसके अलावा अलग-अलग पॉइंट पर FRS वैन भी खड़ी की गई हैं।
