Delhi Police Encounter: दिल्ली पुलिस में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास करनैल सिंह स्टेडियम के नजदीक सोमवार सुबह स्पेशल स्टाफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। लिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश विकास कालिया गैंग के घोषित बदमाश हैं। ये दोनों सितंबर के मध्य में सदर बाजार-नबी करीम शोभायात्रा के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के सिलसिले में वांछित थे। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सेंट्रल दिल्ली में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़
पहाड़गंज में बदमाशों के आने की मिली थी सूचना
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि दो बदमाश पहाड़गंज इलाके में आने वाले हैं। इसके बाद टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए करनैल सिंह स्टेडियम के पास जाल बिछाया। पुलिस के अनुसार, जैसे ही दोनों संदिग्ध वहां पहुंचे, टीम ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली
पुलिस ने बताया कि बदमाशों की फायरिंग के बाद स्पेशल स्टाफ की टीम ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों को काबू करने के लिए पुलिस ने उनके पैरों को निशाना बनाकर गोली चलाई। इस कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। घायल आरोपियों की पहचान मुकेश उर्फ चिन्नू और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुकेश के बाएं पैर में गोली लगी है, जबकि आकाश घोषित बदमाश है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चोरी की बाइक और दो पिस्टल बरामद
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक बाइक बरामद हुई, जिसे चोरी का बताया जा रहा है। इसके अलावा दो पिस्टल और जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों बदमाश कई आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।
मुठभेड़ में सात राउंड फायरिंग
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कुल सात राउंड फायर हुए। इनमें चार राउंड बदमाशों की ओर से और तीन राउंड पुलिस की तरफ से चलाए गए। फिलहाल दोनों घायल बदमाश अस्पताल में उपचाराधीन हैं और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
