Delhi News: दिल्ली पुलिस की वेस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर टीम ने सोशल मीडिया पर "रोड सेफ्टी वाला" नाम से वीडियो अपलोड करने वाले 32 वर्षीय गुरमन सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को जानबूझकर सड़क पर निशाना बनाने, उनकी गाड़ियों को टक्कर मारने, पीछा करने, अभद्र टिप्पणी करने और बिना अनुमति वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, 2 जून 2026 को राजा गार्डन निवासी सनी अरोड़ा ने शिकायत दी थी कि उनकी नाबालिग बेटियों की स्कूटी को दो बाइक सवार युवकों ने पीछे से जानबूझकर टक्कर मारी। इसके बाद दोनों उनका पीछा करते रहे और अभद्र टिप्पणियां करते रहे। कुछ दिनों बाद परिवार को पता चला कि उनकी बेटियों का वीडियो यूट्यूब चैनल और फेसबुक पेज "Road Safety Wala" पर अपलोड किया गया है।
दिल्ली में ‘रोड सेफ्टी वाला’ गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)
क्या-क्या हुआ बरामद?
शिकायत के आधार पर वेस्ट जिला साइबर थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। महिलाओं को बनाता था निशाना जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट पर अधिकांश वीडियो महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाकर बनाए गए थे। इसके बाद साइबर पुलिस ने डिजिटल फॉरेंसिक और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुरमन सिंह (32), निवासी सुभाष नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल संचालित होने के सबूत, कई वीडियो, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
'सॉरी दीदी' बोलकर करता था ड्रामा
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह जानबूझकर महिलाओं और युवतियों की स्कूटी या बाइक को हल्की टक्कर मारता था। इसके बाद शक से बचने के लिए "सॉरी दीदी" कहकर माफी मांगता था, जबकि उसका साथी पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड करता था। बाद में इन वो इन वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर व्यूज, फॉलोअर्स और कमाई बढ़ाने की कोशिश करता था।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- महिलाओं की गाड़ियों को मारता था टक्कर, सॉरी दीदी बोलकर करता था ड्रामा, दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर को दबोचा
2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह महिलाओं को जानबूझकर इसलिए निशाना बनाता था क्योंकि ऐसे वीडियो ज्यादा वायरल होते थे और उससे सोशल मीडिया पर अधिक कमाई होती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी के फेसबुक पेज "Road Safety Wala" पर करीब 2.10 लाख फॉलोअर्स और यूट्यूब चैनल पर 21 हजार फॉलोअर्स थे। फिलहाल पुलिस आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स को हटाने की प्रक्रिया में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
