WFI Harassment Controversy: कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ महिलाओं के बाद पुरुष पहलवानों ने भी दंगल छेड़ दिया है। मोर्चा खोलते हुए वे उनके खिलाफ केस करने को लेकर अड़ गए हैं। हालांकि, इस बीच गुरुवार देर रात केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रेसलर्स से भेंट की और दो घंटे चली मीटिंग के दौरान उनकी बातें सुनीं। चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचे ठाकुर ने दो दिन से धरनारत पहलवानों से कुश्ती संघ चीफ के जवाब का इंतजार करने के लिए कहा है। उन्होंने इससे पहले कहा था कि लगाए गए आरोप सच में बड़े गंभीर है। इस बीच, आईओए की मुखिया पीटी ऊषा ने कहा था कि वह इस मामले में पूरी जांच सुनिश्चित कराएंगी, ताकि न्याय हो सके।
दरअसल, भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरनारत पहलवानों ने कहा कि डब्ल्यूएफआई को भंग कर दिया जाना चाहिए। उन्हें नया महासंघ चाहिए। अगर महासंघ भंग न किया तो डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। गुरुवार को विनेश फोगाट ने कहा- आज प्रदर्शन का दूसरा दिन है, पर हमें सरकार की ओर से संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सिंह इस्तीफा दें और जेल जाएं। हम इस मामले में केस भी फाइल करेंगे। हम जैसे पहलवानों के साथ जब इस तरह की चीजें घट रही हैं, तब समझा जा सकता है कि बाकी लड़कियां कितनी सुरक्षित हैं। इस देश में एक भी बिटिया पैदा नहीं होनी चाहिए।
उधर, बजरंग पूनिया बोले कि न्याय मिलने तक धरना जारी रहेगा। पांच से छह महिला रेसलर हमारे साथ हैं, जिन्होंने इन अत्याचारों का सामना किया। हमारे पास यह बात साबित करने के लिए सबूत भी हैं। वहीं, साक्षी मलिक ने बताया कि सरकार ने किसी प्रकार के एक्शन का वादा नहीं किया। उन्होंने सिर्फ आश्वासन दिया है, पर हम उनके जवाब से खुश नहीं है। हमारी पीएम सर से गुजारिश है कि वह हमारे साथ न्याय करें।
#WATCH धरना-प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के पास CPM नेता वृंदा करात पहुंची।पहलवान बजरंग पूनिया ने उनको मंच से नीचे जा… t.co/lLd2EYywzD
— ANI (@ANI) Jan 19, 2023
वैसे, धरने पर बैठे पहलवानों की ओर से इस मामले को लेकर सरकार से मुलाकात शुरू कर दी गई है। पूर्व पहलवान बबीता फोगाट सरकार और पहलवानों के बीच मध्यस्थता करेंगी और वह पहलवानों की मांगें सरकार तक पहुंचाएंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
