Waterlogging in Delhi: दिल्ली में बुधवार को हुई झमाझम बारिश ने जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आई। कई नागरिकों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जताते हुए दिल्ली की एजेंसियों से बेहतर मानसून प्रबंधन की मांग की। बारिश की वजह से कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दो से ढाई घंटे तक का समय लगा। हालांकि, मिंटो ब्रिज और ओल्ड राजेंद्र नगर जैसे कुछ प्रमुख मार्ग जलभराव से अछूते रहे।
दिल्ली में जलभराव की समस्या
शहर में जलभराव से निपटने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी, लेकिन उनकी कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गुरुवार को कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, मथुरा रोड, रिंग रोड समेत कई प्रमुख इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की खराब स्थिति रही। जलभराव की 150 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं, हालांकि कई स्थानों पर पानी जल्द ही निकल गया। सीलमपुर की सर्विस रोड पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दक्षिण दिल्ली के संगम विहार, देवली और एमबी रोड पर भी भारी जलभराव के चलते यातायात प्रभावित हुआ। लोग बस पकड़ने और घर पहुंचने में परेशान दिखाई दिए। निर्माण समिति के अध्यक्ष जगदीश ममगांई ने कहा कि राजधानी को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए जल निकासी व्यवस्था को सशक्त करने और नई पाइपलाइन डालने की आवश्यकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
