Delhi Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर की हवा दम घोंटू बनी हुई है। आसमान स्मॉग की चादर से ढका हुआ है। रविवार को दिल्ली की एयर क्वालिटी इंडेक्स बेहद खराब स्थिति में दर्ज हुई। इस दौरान 18 इलाकों का एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में भी हवा प्रदूषित बनी हुई है। यहां भी 300 से 400 के बीच एक्यूआई बना हुआ है। कमिशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) के निर्देश पर दिल्ली में ग्रैप 3 की पाबंदियां लागू हैं। हवा के गंभीर स्तर पर पहुंचने पर इसे लागू किया जाता है। 300-400 के बीच एक्यूआई होने पर ग्रैप-2 लागू किया जाता है। आज दिल्ली का औसत एक्यूआई 385 दर्ज हुआ है। राजधानी में अभी भी कई इलाकों का एक्यूआई 400 के पार बना हुआ है। जिसके चलते शनिवार को भी ग्रैप 3 को हटाया नहीं गया।
दिल्ली में प्रदूषण की फाइल फोटो (istock)
नोएडा-गाजियाबाद में कितना रहा AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के समीर ऐप के अनुसार, रविवार को दिल्ली में सबसे अधिक एक्यूआई बवाना में 438, डीटीयू में 437 और वजीरपुर में 433 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में नोएडा का एक्यूआई आज 397 दर्ज किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा में हवा गंभीर स्तर पर रही। यहां का एक्यूआई 430 रिकॉर्ड हुआ। गाजियाबाद में भी एक्यूआई 427 यानी गंभीर स्तर पर रहा। गुरुग्राम में 311 और फरीदाबाद में 262 एक्यूआई दर्ज किया गया।
दिल्ली में फिर गंभीर हो सकता है AQI
दिल्ली में 3 दिन पहले औसत एक्यूआई 400 पार पहुंच गया था। 11 नवंबर को राजधानी का औसत AQI 425 और 12 नवंबर 408 दर्ज किया गया। जिसके बाद हवा में मामूली सुधार हुआ और यह गंभीर से बेहद खराब स्तर पर पहुंच गई। लेकिन अभी भी हवा जहरीली बनी हुई है। आने वाले दिनों में इसके एक बार फिर से गंभीर स्तर पर पहुंचने की संभावना है। आगामी एक सप्ताह में प्रदूषण गंभीर से बेहद गंभीर स्तर पर पहुंचने की संभावना जताई गई है। हवा में प्रदूषण की एक बड़ी वजह पराली बनी हुई है। दिल्ली के प्रदूषण में शनिवार को पराली का हिस्सा 16.36 फीसदी रहा। यह रविवार को बढ़कर करीब 28 फीसदी तक पहुंच सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
