Delhi Air Pollution: दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। दिवाली से पहले ही राजधानी की हवा जहरीली हो गई है। रविवार को दिल्ली में सबसे अधिक एक्यूआई आनंद विहार में दर्ज किया गया। यहां का एक्यूआई 418 रहा, जो गंभीर श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार सुबह 9 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 278 अंक दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है। दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों जैसे इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, लाल किला और कनॉट प्लेस में भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक स्तर पर है।
दिल्ली की हवा में प्रदूषण का जहर (PTI)
दिल्ली के 10 इलाकों का AQI 300 पार
राजधानी दिल्ली में 10 इलाकों में एक्यूआई 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी की ओर इशारा करता है। इनमें दिलशाद गार्डन (310), बवाना (303), वजीरपुर (361), विवेक विहार (349), अशोक विहार (304), जहांगीरपुरी (314), नेहरू नगर (310), द्वारका (327), सीरी फोर्ट (317) और आरके पुरम (322) शामिल हैं। दिल्ली के अधिकांश अन्य इलाकों में एक्यूआई 200 से 300 के बीच रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहरों में भी स्थिति बेहतर नहीं है। फरीदाबाद में एक्यूआई 120, गाजियाबाद में 335, ग्रेटर नोएडा में 276, गुरुग्राम में 234 और नोएडा में 314 अंक दर्ज किया गया।
दिल्ली में क्यों बढ़ रहा पॉल्यूशन
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। 0-50 एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 तक एक्यूआई संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम प्रदूषण, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक एक्यूआई को गंभीर माना जाता है। फिलहाल, प्रदूषण के इस बढ़ते स्तर के पीछे वाहनों का धुआं, निर्माण कार्य, पराली जलाना और मौसमी बदलाव जैसे कारक जिम्मेदार माने जा रहे हैं। दिल्ली सरकार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और जल्द ही इससे निपटने के लिए कदम उठाए जा सकते हैं।
(इनपुट - IANS)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
