Lane for Two Wheeler: दोपहिया वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। देशभर में दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्पेशल लेन बनाई जा रही है। यह योजना मलेशिया और विजयनाम के मॉडल पर आधारित होगी, जिसमें सिर्फ दोपहिया वाहनों की ही आवाजाही होगी। रोड एक्सीडेंट में दोपहिया चालकों की बढ़ती मौत के आंकड़ों को रोकने के लिए यह योजना बनाई गई है। इस पहल से मौतों में 25 फीसदी तक कमी आ सकती है।
सांकेतिक फोटो
रोड एक्सीडेंट में जान गंवाने वालों में 60% दोपहिया चालक
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CSIR) के निदेशक डॉ. मनोरंजन परिदा ने बताया, 2024 में भारत में लगभग 1.80 लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए, जिनमें से 60 प्रतिशत दोपहिया चालकों की मौतें थीं। डॉ. परिदा ने बताया कि बड़े वाहनों की चपेट में आने से दोपहिया चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है, इसलिए अलग लेन और बेहतर सड़क डिजाइनिंग से स्थिति में सुधार संभव है। इस योजना का ड्राफ्ट 20 जून को इंडियन रोड कांग्रेस के सम्मेलन में जारी किया जाएगा। सड़क सुरक्षा पर आयोजित एक सम्मेलन में, संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत जेन टोड ने सड़क दुर्घटनाओं को "मूक महामारी" करार दिया और असुरक्षित सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के राज्यमंत्री अजय टम्टा ने सड़क सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के सुझावों पर काम करने की आवश्यकता पर बल दिया। नीति आयोग के उप सलाहकार अमित भारद्वाज ने सड़क सुरक्षा नियमों की कमी और हेलमेट उपयोग में बाधाओं पर चर्चा की। डब्ल्यूएचओ के डॉ. बी मोहम्मद अशील ने भारत में सड़क सुरक्षा नियमों की स्थिति पर चिंता जताई। अंत में, भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक ने गैर सरकारी संगठनों का समर्थन करने की बात कही, जबकि सड़क परिवहन मंत्रालय के सलाहकार ने प्रवर्तन की आवश्यकता पर जोर दिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
